IAS अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ के इल्ज़ाम में बीजेपी नेता का बेटा गिरफ्तार, मामला दर्ज

चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को चंडीगढ़ पुलिस ने IAS अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। चंडीगढ़ सेक्टर 26 पुलिस थाने में विकास के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

घटना बीती देर रात करीब साढ़े 12 बजे की है। पीड़ित लड़की के बयानों के अनुसार विकास और उसके साथी ने चंडीगढ़ सेक्टर 7 पेट्रोल पंप से उसका पीछा करना शुरू किया। शराब के नशे में चूर आरोपियों ने अपनी कार उसकी कार के पीछे लगा ली।

कार पर हाथ मारकर रोकने का प्रयास भी किया और काफी दूर तक उसका पीछा करते रहे। गौरतलब है कि विकास बराला कुरुक्षेत्र में एल.एल.बी. का स्टूडेंट है और उसका साथी एल.एल.बी. पास कर चुका है।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ईस्ट सतीष कुमार ने बताया कि पीड़िता ने 100 नंबर पर छेड़छाड़ की शिकायत की थी। कंट्रोल रूम पर शिकायत मिलने पर तुरंत पुलिस हरकत में आ गई और दोनों आरोपियों को 26 सेक्टर ट्रांसपोर्ट चौक से पीछा करने के दौरान ही घेर कर गिरफ्तार कर लिया।

सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके साथी शराब के नशे में चूर में थे। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन ले गई और छेड़छाड़ करने सहित शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया।

लड़की छेड़ने के मामले में आरोपी विकास के खिलाफ सेक्टर 26 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। SDM के सामने कोर्ट में उन्हें पेश किया जाएगा। उनके ऊपर धारा 354 डी तथा मोटर व्हीकल एक्ट 185 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह दोनों धाराएं जमानत शुदा है। यदि इन लड़कों द्वारा दोबारा ऐसा किया जाता है तो यह दोनों धाराए गैर जमानती हो जाएंगे। अभी पुलिस 164 के तहत लड़की का बयान दर्ज कराने जा रही है। इसके बाद यदि जरूरत समझी गई तो अन्य धाराएं भी साथ जोड़ दी जाएंगी।