हरियाणा में छात्रा का अपहरण कर बलात्कार, आरोपी फरार

चंडीगढ़। हरियाणा के सोनीपत जिले में एक छात्रा का अपहरण कर उसके साथ बलात्कार की घटना सामने आई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को उसके घर के पास फेंककर फरार हो गए। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

घटना सोनीपत जिले के मयूर विहार की है. छात्रा के साथ बलात्कार की जानकारी मिलते ही प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष कमलेश पांचाल ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हाल-चाल जाना। कमलेश पांचाल ने पुलिस को जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।

मामले के जांच अधिकारी सिटी एसएचओ अजय कुमार ने बताया कि इस मामले में परिजनों के बयान पर धारा 376 और पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।