चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने सोमवार को कथित तौर पर घृणा फैलाने वाला भाषण देने के इल्जाम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी नेता रोशन लाल आर्या छछरौली (यमुनानगर) से विधायक भी रह चुके हैं।
रोशन लाल आर्या कथित तौर पर एक विडियो में जाट समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। करीब 15 दिन पहले ही बीजेपी ने कुरुक्षेत्र से अपने सांसद राज कुमार सैनी को शो-कॉज नोटिस जारी किया है।
सांसद सैनी पर आरोप है कि जाटों के खिलाफ उनकी टिप्पणी से ही प्रदेश में हालिया समस्या शुरू हुई थीं। रोशन लाल आर्या पहले कांग्रेस में थे। 2014 में विधानसभा चुनावों से पहले वह बीजेपी में शामिल हो गए थे।
आर्या के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मुताबिक उन्होंने जाट समुदाय का बहिष्कार करने के लिए 35 बिरादरी (समुदाय) के सदस्यों को शपथ दिलवाई थी। इस वजह से बिरादरियों के भीतर तनाव पैदा हुआ। कैथल सिविल लाइन्स स्टेशन के हाउस ऑफिसर अशोक कुमार ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है।
You must be logged in to post a comment.