हार के बाद राज्‍यों से कांग्रेस अध्‍यक्षों के इस्‍तीफे की ताबड़तोड़ पेशकश

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजों के बाद कांग्रेस पार्टी में भयंकर निराशा का माहौल है। 17 राज्यों में काग्रेस खाता खोलने में भी असक्षम रही। इस दौरान हार से चिंतित राज्यों के अध्यक्षों के इस्तीफे ताबड़तोड़ ढंग से पेश किए जा रहे हैं। चुनाव नतीजों के घोषित होते ही तीन राज्यों के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों ने अपना इस्तीफा भेज दिया। उत्तर प्रदेश से राज बब्बर भी इन्हीं लोगों में शामिल हैं। उन्होंने भी अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष को भेज दिया है। इनके अलावा अमेठी कांग्रेस कमेटी के मुखिया योगेंद्र मिश्रा ने भी इस्तीफा दे दिया है।

यूपी से राज बब्बर के अलावा कर्नाटक के कैंपेन मैनेजर एचके पाटिल और ओडिशा के पार्टी प्रमुख निरंजन पटनायक ने भी इस्तीफा दे दिया है। कर्नाटक और ओडिशा से भी कांग्रेस का सफाया हो चुका है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की पहले से और भी ज्यादा दुर्गति हो चुकी है। यहां पर सिर्फ सोनिया गांधी ही अपना सीट रायबरेली को बचाने में सफल हो पाई हैं। गुरुवार को एक ट्वीट में राज बब्बर ने उत्तर प्रदेश में पार्टी की हार के लिए खुद को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के नतीजें कांग्रेस को परेशान करने वाले हैं। मैं खुद को इसका गुनहगार मानता हूं, क्योंकि मैंने सही ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं किया।