हिन्दुस्तान घर की तरह: फ़वाद ख़ान

मुंबई: गजल गायक गुलाम अली को यहां कार्यक्रम करने में मुश्किल हो सकती है, लेकिन फ़वाद ख़ान का कहना है कि भारत में हमेशा उनका गर्मजोशी से स्वागत हुआ है।

बॉलीवुड में उनके प्रति बर्ताव के बारे में पूछने पर फ़वाद ने कहा, ‘‘मैं सियासी आदमी नहीं हूं। मैं रोज़ होने वाली चीज़ों से अनजान रहता हूं। लेकिन मैं जब भी भारत में होता हूं, तो मेरी यहां ज़ोरदार आवभगत की जाती है। मेरा हमेशा यहां जोरदार स्वागत किया गया।’’ अभिनेता यहां अपनी आने वाली फिल्म ‘कपूर एंड संस’ के ट्रेलर जारी करने के मौके पर आये थे। उनके साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट भी थीं।

करण जौहर की निर्माण कंपनी की फिल्म ‘कपूर एंड संस’ बॉलवुड में उनकी दूसरी फिल्म है। इससे पहले 2014 में वह सोनम कपूर के साथ ‘खूबसूरत’ फिल्म में थे।

शकुन बत्रा के निर्देशन वाली इस फिल्म में रिषि कपूर, रत्ना पाठक शाह और रजत कपूर भी हैं। फिल्म 18 मार्च को रिलीज होनी है।
(साभार: भाषा-पीटीआई)