हिन्दू मुस्लिम एकता को खत्म करना चाहती है बीजेपी- दिग्विजय सिंह

भाजपा ने धर्म को नहीं छोड़ा। इसे भी भ्रष्ट कर दिया। जहां हिंदू धर्म में हर-हर महादेव की गूंज होती है, लेकिन उन्होंने घर-घर मोदी के नाम का नारा लगातर धर्म की मर्यादाओं को ही तोड़ दिया। भोपाल में ये लोग हिंदू-मुस्लिम एकता को तोड़ना चाहते हैं। किसी भी तरह की घटना को अंजाम देकर विध्वंश कर सकते हैं।

आप लोग सावधान रहिए। यह बात भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने शनिवार को अशोका गार्डन में हुई सभा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा धर्म के नाम पर राजनीति की है। चुनाव के समय उन्हें राम मंदिर और धारा 370 याद आती है।

धर्म के नाम को बचाने की दुहाई दी जाती है, लेकिन यह बात ये लोग नहीं जानते कि हजारों साल मुस्लिमों और ईसाइयों का देश में राज रहा तब हिंदू धर्म का कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाया तो अब क्या होगा।

नयी दुनिया डॉट कॉम के अनुसार, दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी के दौरान कमीशन खाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अहमदाबाद सहकारी बैंक में ही सबसे ज्यादा नोट बदले गए।

नोटबंदी के नाम पर इतना भ्रष्टाचार हुआ कि भाजपा के ही एक विधायक ने इस मामले पर पीएम मोदी को पत्र भी लिखा। लेकिन भाजपा के लोग कमीशन खाने में लगे हुए थे।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि संघ और भाजपा दोनों ही छोटे व्यापारी, मध्यम व्यापारी, मजदूर और गरीबों के विरोधी हैं। उन्होंने हमेशा बड़े उद्योगपतियों के पक्ष में निर्णय लिया है। विजय माल्या, नीरव मोदी जैसे उद्योगपति हजारों करोड़ रुपए खा गए लेकिन कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाया।