कश्मीर में मुठभेड़, 6 आतंकवादी और एक 12 साल के एक लड़के की मौत

श्रीनगर :जम्मू एवं कश्मीर में अलग-अलग मुठभेड़ों में 6 आतंकवादी मारे गए व 12 साल के एक लड़के की मौत हो गई। मुठभेड़ गुरुवार को ही शुरू हुई थी। मुठभेड़ के दौरान सात सुरक्षाकर्मी और 18 नागरिक घायल हुए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बांदीपोरा जिले के मीर मोहल्ला इलाके में शुक्रवार को दो आतंकवादी मारे गए व एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे को बंधक बनाया गया था। यहां मुठभेड़ गुरुवार को शुरू हुई थी।

पुलिस ने कहा, “मारे गए दो आतंकवादियों में एक लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का कमांडर है।” दोनों आतंकवादियों की पहचान पाकिस्तानी के रूप में हुई है और दोनों पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य हैं। पुलिस ने उन पर बच्चे को गोली मारने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने बताया, शोपियां जिले के इमाम साहिब इलाके में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ शुक्रवार को शुरू हुई थी।

यहां मुठभेड़ स्थल के करीब नागरिक प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प हो गई ।सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसूगैस के गोले छोड़े और पेलेट गन चलाया।

शोपियां में एक डॉक्टर ने कहा, “कुछ घायल पेलेट की वजह से घायल हुए हैं।” सोपोर के वारपोरा इलाके में एक अन्य मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। यह मुठभेड़ उसी जगह पर हुई, जहां इससे पहले दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

गुरुवार को, कश्मीर घाटी में तीन मुठभेड़ों में तीन आतंकवादी मारे गए थे और सात सुरक्षाबल व तीन नागरिक घायल हो गए थे।

पुलिस ने कहा कि बांदीपोरा में मुठभेड़ समाप्त हो गई है, लेकिन दो अन्य जगहों सोपोर व शोपियां पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सोपोर में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं और एहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।