20 लाख से ज्यादा हुज्जाज ए किराम अराफात पहुंचे

20 लाख से ज्यादा हुज्जाज ए किराम के जबल अराफात पहुंचने के साथ ही हज आज अपने शबाब पर पहुंच गया जबकि सउदी अरब के मुफ्ती-ए-आजम ने इंतहापसंद और दहशतगर्द के खिलाफ इस्लाम का रूख पेश किया|

मिना में रात भर नमाज और इबादत करने और फर्ज की नमाज पढ़ने के बाद लाखों हाजियों का जत्था अराफात रवाना हुआ. दोपहर से पहले-पहले सभी हुज्जा ए किराम अराफात पहुंच गए थे जहां हर तरफ आवामी सैलाब का समां था|

सड़कों से ले कर मस्जिद निमरत तक एहराम (सफेद अन-सिले कपड़े) पहने हुज्जाज ए किराम हर तरफ दिख रहे थे| सउदी अरब के मुफ्ती-ए-आजम अब्दुल अजीज अल-अशशेख ने अपने सालाना अराफात खुत्बा में मुसलमानों से एकजुट होने का ऐलान किया ताकि ज्यादा मजबूत उम्मत की तामीर हो सके|

अल-अशशेख पिछले 34 साल से मुसलसल अराफात का खुत्बा दे रहे हैं| उन्होंने अपने खुत्बे में इस्लाम् के मुताबिक परहेज़ और हमआहंगी और रवादारी पर जोर दिया और इंतहापसंद और दहशतगर्द के खिलाफ इस्लाम का वाजेह रूख पेश किया|

इससे पहले अल-अशशेख ने कहा था कि इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा ‘‘इस्लाम के दुश्मन नंबर एक’’ हैं और ये किसी भी तरह मजहब का हिस्सा नहीं है|

उन्होंने मुसलमानों से कहा कि खानदान, कौमी और बैनुल अक्वामी सतह पर, वे जिंदगी के हर सूबे में कियादत हासिल करें| लाखों लोगों ने यहां जोहर और अस्र की नमाज एक साथ अदा की और सूरज गुरूब (डूबने) के बाद वे मुज्दलिफा रवाना होंगे|