2019 लोकसभा चुनाव: इस प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी में होगी कांटे की टक्कर!

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए राजस्थान में कांग्रेस ने प्रदेश की सभी 25 सीटों प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। वहीं भाजपा ने मौजूदा 16 सांसदों को फिर से मौका दिया है। जबकि 6 सांसदों का टिकट भाजपा ने काट दिया है। राजस्थान में लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।

इसके लिए नामांकन दाखिल होने के कार्य शुरू हो चुका है। अगर पहले चरण की लोकसभा सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के आमने-सामने खड़े प्रत्याशियों की बात करें, तो अजमेर में भाजपा से पूर्व विधायक भागीरथ चौधरी के सामने कांग्रेस के प्रत्याशी रिज्जू झुंझुनूंवाला चुनाव मैदान में है।

जोधपुर से भाजपा के गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस के टिकट से चुनाव मैदान में है। बाड़मेर से भाजपा ने पूर्व विधायक कैलाश चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा है।

तो वहीं कांग्रेस ने मानवेंद्र सिंह को बाड़मेर से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उदयपुर से भाजपा के अर्जुनलाल मीणा चुनाव मैदान में है। जबकि कांग्रेस ने पूर्व सांसद रघुवीर मीणा को उदयपुर से टिकट दिया है।

झालावाड़-बारां लोकसभा सीट पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह चुनाव मैदान में है, तो इसी सीट से कांग्रेस ने प्रमोद शर्मा, जो नया चेहरा है, उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है।

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, भीलवाड़ा में भाजपा से सुभाष बहेड़िया और कांग्रेस से रामपाल शर्मा चुनाव मैदान में है। कोटा-बूंदी लोकसभा सीट से भाजपा से ओम बिड़ला और कांग्रेस से रामनारायण मीणा चुनाव मैदान में है। वहीं राजसमंद से भाजपा ने पूर्व विधायक दीया कुमारी को मौका दिया है।जबकि कांग्रेस से इस सीट से देवकीनंदन काका चुनाव मैदान में है।

पाली से भाजपा के पीपी चौधरी, तो कांग्रेस ने बद्रीराम जाखड़ को चुनाव मैदान में उतारा है। टोक-सवाईमोधपुर में भाजपा से सुखबीर सिंह जौनपुरिया और कांग्रेस से नमोनारायण मीणा चुनाव मैदान में है। जालोर में भाजपा के देवजी पटेल और कांग्रेस से रतन देवासी आमने-सामने है।

वहीं बांसवाड़ा से कनकमल कटारा भाजपा से तो ताराचंद भगोरा कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में आमने-सामने है। जबकि चित्तौड़गढ़ से भाजपा के चंद्रप्रकाश जोशी और कांग्रेस से पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईडवा आमने-सामने है।