केन्याः राष्ट्रपति चुनाव के बाद हिंसक प्रदर्शन, पुलिस फायरिंग में 3 लोगों की मौत

नैरोबी। केन्या में राष्ट्रपति पद के लिए उहूरु केन्याता की विवादित जीत के विरोध में विपक्षी पार्टियां ने एकजुट होकर  प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन के जवाब में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें नौ साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रायला ओडिंगा ने अपनी हार के बाद चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया है। इसके बाद ही नैरोबी की झुग्गियों में विरोधियों का गुस्सा फूट पड़ा और इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ हाथापाई की। चुनाव आयोग ने केन्याता को 54.27 जबकि ओडिंगा को 44.17 प्रतिशत वोट मिलने की घोषणा की।

इसके पहले 2007 में भी मतदान के विरोध में केन्या में बड़े पैमाने पर हिंसक प्रदर्शन हुए थे जिसमें 1,100 लोगों की मौत हो गई थी और करीब छह लाख से अधिक लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा था। सबसे अधिक हिंसक घटनाएं ओडिंगा का गढ़ कहे जाने वाले किसुमु और नैरोबी के इलाकों में हुई, जहां गोलीबारी के साथ ही कई जगहों पर आग लगाने की घटनाएं भी सामने आई।

72 वर्षीय ओडिंगा एक दिग्गज राजनीतिज्ञ हैं और राष्ट्रपति पद के लिए अपना आखिरी चुनाव लड़ रहे थे। नेशनल डेली ने अपने संपादकीय में लिखा कि केन्याटा को इस बार सभी वर्ग को अपनी सरकार में शामिल करना चाहिए।