उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के कबीरस्थान इलाके में अवैध रूप से शराब बनाने वालों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
थानाध्यक्ष और ट्रेनी पुलिस अधीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि सिसवा गांव में अवैध शराब बनाने की सूचना पर कल शाम थाने से एक पुलिस टीम को बस्ती में भेजा गया था।
पुलिस ने मौके से अवैध शराब और कुछ लोगों को पकड़ लिया। लेकिन इसी बीच भीड़ ने पुलिस बल पर हमला कर दिया और पकड़े गए लोगों को छुड़ा लिया। इस घटना में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि फिर कई थानों की पुलिस और अधिकारी गांव में गए और मौके से कच्ची शराब, कच्चे माल और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
इस मामले में 25 लोगों को नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।