नई दिल्ली। दिल्ली में सीलिंग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई में किसी भी कार्यकर्ता के चोटिल होने की खबरें नहीं आई हैं।
सीलिंग के खिलाफ सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में जब वे संसद मार्ग पर पहुंचे तो आगे बढ़ने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, AAP के कई नेताओं को हिरासत में भी लिया गया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान संसद मार्ग पहुंचे AAP कार्यकर्ता और नेता सीलिंग रोकने के लिए केंद्र सरकार से कानून बनाने और अध्यादेश लाने की मांग कर रहे थे।
संसद की ओर बढ़ रहे AAP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद जब उन्होंने पुलिस का घेरा तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दीं।