CM ममता बनर्जी का चीन के बाद अमेरिका के शिकागो का दौरा रद्द, रामकृष्ण मिशन ने किया था आमंत्रित!

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के चीन दौरे के रद्द होने के बाद अब अमेरिकी के शिकागो दौरे भी रद्द हो गया। रामकृष्ण मिशन ने शिकागो में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को ही रद्द कर दिया है, जिसमें ममता को आमंत्रित किया गया था।

ममता बनर्जी, भारत सरकार और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग के बीच आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत एक शिष्टमंडल का नेतृत्व करने वाली थीं। चीन दौरे के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का शिकागो दौरा भी रद्द हो गया है।

अमेरिका के शिकागो शहर में विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद के भाषण की 125वीं वार्षिकी के अवसर पर रामकृष्ण मिशन ने मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया था।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति भी दे दी थी, लेकिन 11 जून को मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में शिकागो विवेकानंद वेदांत सोसाइटी ने कार्यक्रम रद्द करने की सूचना दी।

मुख्यमंत्री के पहले चीन दौरा और अब शिकागो दौरा के रद्द होने से राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शीघ्र ही शिकागो जाने का कार्यक्रम है।

सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी सरकार लगातार हो रहे ऐसे घटनाक्रम की वजह से शंका कर रही है. गौरतलब है कि इसके पहले ममता बनर्जी ने चीन सरकार से ‘उचित स्तर पर राजनीतिक बैठकों’ की पुष्टि नहीं करने पर वहां की अपनी यात्रा गत 22 जून को रद्द कर दी।