UP: 450 भाजपा कार्यकर्ताओं पर बलवा का केस दर्ज, दो दर्जन भेजे गए जेल

आगरा: शनिवार को फतेहपुर सिकरी और सदर बाज़ार थाना इलाके में बवाल के बाद विहिप, बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों पर डकैती, बलवा, जानलेवा हमला, सरकारी काम में बाधा डालने की संगीन धाराओं में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीकरी में पांच नामजद और 250-300 अज्ञात हैं। उधर सदर बाजार में 24 नामजद और 150 अज्ञात हैं। सीकरी के पांच और सदर बाजार थाने पर हमले के नौ आरोपी रविवार सुबह कोर्ट में पेश किया गया और फिर जेल भेज दिया गया। इन पर एनएसए लगाए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। दोनों जगह केस पुलिस ने अपनी ओर से दर्ज किया है। सदर बाजार में मौके पर छूटे बलवाइयों के 65 वाहन जब्त कर लिए गए हैं। उधर, दरोगा से लूटा गया सर्विस रिवाल्वर भी बरामद हो गया है।

फतेहपुर के सीकरी के तेहरा जौताना में बृहस्पतिवार रात सब्जी विक्रेता मुवीन और रिजवान पर हमला हुआ था। मामले में भाजपा और हिंदू संगठनों के नौ कार्यकर्ताओं को नामजद कराया गया। केस वापसी के लिए शनिवार को हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने सीकरी थाने में प्रदर्शन किया।
इसी दौरान पुलिस से झड़प हो जाने पर सीओ को थप्पड़ मारा गया जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। मौके से पकड़े पांच लोग आगरा के सदर बाजार थाने लाए गए। इन्हें छुड़ाने के लिए थाना पर हमला कर दिया गया। हवालात का ताला तोड़ने की कोशिश की गई। बलवाईयों ने दरोगा संतोष कुमार की बाइक फूंककर सर्विस रिवाल्वर लूट ली।

पुलिस ने लाठीचार्ज कर बलवाइयों को खदेड़ा था। नौ लोग मौके से पकड़ लिए थे। पुलिस ने देर रात ही एफआईआर दर्ज कर ली थी। फिर से बवाल के डर के चलते आरोपियों को सुबह आठ बजे ही कोर्ट में पेश कर दिया गया। बवाल की आशंका के चलते मैनपुरी, मथुरा और फिरोजाबाद से फोर्स बुलाकर आगरा शहर और सीकरी में उनकी तैनाती की गई। सीकरी में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान खौफ के चलते कस्बे की काफी दुकानें बंद रहीं।