उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार विकास को तव्वजों न देकर सांप्रदायिकता को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ये सरकारें गरीबों की भलाई के लिए कोई काम नहीं कर सकती हैं।
उन्होंने कहा है कि मोदी और योगी सरकार का रिश्ता कारपोरेट घरानों से है। भाजपा छल-बल से सत्ता हथियाने में माहिर है। लेकिन जनता के साथ धोखाधड़ी की राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली।
पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बार-बार धोखा नहीं खा सकती।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार ने विकास का बुनियादी ढांचा तैयार कर दिया है। भाजपा का ध्यान विकास के विस्तार पर नहीं है। उल्टे वो विकास के मुद्दे को ही भटकाने पर तुली है।
उन्होंने इसके बाद कहा कि भाजपा का मूल चरित्र सांप्रदायिकता का है। इससे प्रदेश की जनता को सावधान रहना होगा। पता नहीं ये लोग देश को और लोकतंत्र को किस रास्ते पर ले जाएंगे।
अखिलेश ने कहा कि हमारी पार्टी पिछड़ों को आरक्षण देने की पक्षधर है। समाजवादी सरकार में ही हमेशा पिछड़ों को सम्मान मिला है। सपा का पिछड़ों के साथ स्वाभाविक रिश्ता है। यह संबंध अटूट रहेगा।