बेनकाब करेंगे भाजपा का झूठ: अखिलेश

आगरा में हो रहे दसवें राष्ट्रीय सम्मेलन के एक दिन पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने न सिर्फ भाजपा पर तीखे हमले बोले बल्कि यह भी तय कर दिया कि आगरा से उन्होंने 2019 के चुनावी सफर की शुरुआत कर दी है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बुधवार को रखे गए आर्थिक राजनीतिक प्रस्ताव में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ही मुख्य रूप से निशाने पर रही।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने लोगों से धोखा किया है। हम संगठन को मजबूती देने के साथ ही उसके झूठ को बेनकाब करेंगे। किसानों के जरिये भाजपा पर तंजकहा कि भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया है। कर्जमाफी अब तक नहीं हुई। कहा था कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे लेकिन केंद्र सरकार बताए कि तीन साल में इसके लिए क्या रोडमैप तैयार किया गया। नोटबंदी और जीएसटी पर उन्होंने फिर मोदी सरकार पर तंज किया कि क्या नए नोटों ने भ्रष्टाचार और कालाधन खत्म कर दिया है।

सरकार की बुकलेट में ताजमहल का जिक्र न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह देश की पहचान है। प्रदेश सरकार इसे भले ही न समझे, लेकिन यहां से सभी धर्मो में एकता का संदेश भी जाता है। फिर सवाल पूछा कि आखिर मोदी जी ने जिस लाल किले से भाषण दिया क्या उसे भी नकार दिया जाएगा।