BJP सरकार की रात्रि चौपाल ढोंग के अलावा कुछ नहीं : अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा सरकार की रात्रि चौपाल ढोंग के अलावा कुछ नहीं है। भाजपा की नीति किसान विरोधी और जनविरोधी है। यादव ने यहां जारी बयान में कहा कि जब मुख्यमंत्री प्रतापगढ़ के एक गांव में रात्रि चौपाल में जनता से रूबरू हुए तो उन्हें अपनी सरकार के ढोल के पोल का अंदाजा हो गया।

जनता को झूठे वादों से भरमाने की भाजपा सरकार की रीति-नीति का खुलासा आंखे खोल देने वाला हैं। उन्होंने कहा कि यह बात तो उजागर हो गई है कि भाजपा सरकार से किसान, नौजवान, महिला, छात्र, अल्पसंख्यक, व्यापारी भी संतुष्ट नहीं है। इन सबके साथ धोखा हुआ है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पिछले दिनों गोरखपुर में गेहूं क्रय केंद्रो पर गये तो वहां बोरा भी उपलब्ध नहीं करा पाये। किसान को उसकी फसल का निर्धारित मूल्य 1735 रूपए भी नहीं मिल रहा है। यादव ने कहा कि आलू खरीद का सरकारी मूल्य 549 रूपए प्रति कुंतल है पर किसान को वह दाम भी नहीं मिला। वैसे आलू के उत्पादन की लागत प्रति हजार रूपए कुंतल आती है।

सरकारी घोषणाएं उनके लिए मजाक साबित हुई है। गन्ना किसानों के साथ भी ऐसा किया गया है। मिल मालिक गन्ना पेराई बंद करना चाहते हैं जबकि किसान का गन्ना खेत में खड़ा है। किसान को मजबूरन गन्ने को जलाना पड़ेगा। गन्ना किसानों का 9429.19 करोड़ रूपये अभी भी चीनी मिलों पर बकाया है।