तीन तलाक एक धार्मिक मामला है, इसमें दखल नहीं देना चाहिए: अखिलेश यादव

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सैफई के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला करते हुए कहा कि ये सब क्या कर रही है सरकार। तीन तलाक का मुद्दा धर्म का मुद्दा है। इसमें किसी को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। मैं प्रदेश सरकार से जानना चाहता हूं कि दहेज की खातिर तमाम हिंदू लड़कियों को घर से निकाल दिया गया उनके लिए सरकार क्या कर रही है? अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को भी कटघरे में खड़ा कर सवाल किया कि ईवीएम में क्या खराबी होती है और क्या खराबी सही की जाती है इसका जवाब देश की जनता को दें। ईवीएम का खेल मध्यप्रदेश में पूरी तरह खुल गया। महाराष्ट्र में एक प्रत्याशी धरने पर बैठ गया। खुद उसका और उसकी पत्नी तक वोट नहीं निकला। उन्होंने कहा कि जब मशीन खराब हो सकती है और बाद में ठीक हो सकती है तो गड़बड़ी भी की जा सकती है।