मुंबई : महाराष्ट्र आपदा प्रबंधन ने मुंबई में समुद्र से तेज ज्वार उठने की आशंका पर अलर्ट जारी किया है। हालत को देखते हुए मुंबई महानगर पालिका अलर्ट पर है। अलर्ट के मुताबिक आज करीब साढ़े चार बजे तेज ज्वार यानी समुद्र से विशालकाय लहरें उठेंगी। अलर्ट के मुताबिक आज 4:30 बजे 3.32 मीटर की ऊंची लहरें उठेंगी।
वही मुंबई में भारी बारिश के चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यहां कई इलाकों में जल-जभराव से हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। मंगलवार सुबह से ही मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में जलभराव से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर बस पानी ही पानी नजर आ रहा है।
इतना ही नहीं मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सभी कार्यालयों में छुट्टी का आदेश जारी किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बारिश के बाद मौजूदा हालात का जायजा लेने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष का दौरा किया।
भारी बारिश के चलते हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है। स्थानीय मौसम विभाग ने कोलाबा में अगले 24 घंटों के भीतर तेज बारिश की चेतावनी दी है।