सभी जवान लड़के-लड़कियां अपनी शादी की जगह तय करने से पहले भाजपा से जरूर पूछें: कांग्रेस

नई दिल्ली: विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी को लेकर भाजपा द्वारा सवाल उठाए जाने पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने बुधवार को भाजपा को आड़े हाथ लिया है। उनहोंने कहा है कि नौजवानों को शादी करने से पहले शादी स्थल और भोजन मेनू के बारे में भाजपा से अनुमति लेनी चाहिए।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

मध्यप्रदेश के गुना से भारतीय जनता पार्टी के विधायक पन्नालाल शाक्य ने मंगलवार को विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा द्वारा इटली में शादी करने पर विराट कोहली की ‘देशभक्ति’ पर सवाल उठाया था। शाक्य ने कोहली का नाम लिए बिना कहा था कि एक बड़े क्रिकेटर ने हाल ही में शादी की है। लेकिन इस बड़े देश में, क्या उन्हें शादी के लिए कोई जगह नहीं मिली। एक खिलाड़ी जिसके लिए भारत की जमीन कोई मायने नहीं रखती, वह देशभक्त नहीं हो सकता।

भाजपा नेता के इस बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता ने रणदीप सुरजेवाला ने एक ट्वीट कर कहा है कि भारत के सभी नौजवान, पुरुष और महिलाएं, कृपया कर शादी किससे करें, शादी स्थल, समारोह आयोजन व भोजन मेनू के बारे में पहले भाजपा से अनुमति लें।

उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने भी संवाददाताओं से कहा कि भाजपा नेताओं को जब अपनी नाकामी छुपानी होती है तो वे ध्यान बंटाने के लिए ऐसे ही ऊलजलूल बयान देने लगते हैं। राज्य में इन दिनों यही हो रहा है।

बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने 10 दिसंबर को बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा साथ इटली में शादी रचाई थी। विराट ने शादी के लिए क्रिकेट से ब्रेक लिया है। वह श्रीलंका के साथ जारी वनडे और टी-20 सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर रोहित शर्मा टीम का कमान सम्भाल रहे हैं।