ग़रीबी की वजह से यहाँ 35 हजार परिवार रोज़ा नहीं रख पा रहे हैं

नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ में लगभग 35 हजार ऐसे परिवार हैं जो रमज़ान में केवल इसलिए रोज़ा नहीं रख पाते क्योंकि उनके पास खाने के लिए अनाज नहीं होता है। रोजाना मेहनत और मजदूरी करते हुए रोज़ा रखना मुश्किल हो जाता है।

हालाँकि रमजान के दौरान सामाजिक संगठनों की तरफ से बांटे गए राशन से इन गरीब रोज़ेदारों की थोड़ी मुश्किल ज़रूर हल हो जाती है। ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ भी हर साल गरीबों में राशन किट वितरित करती आई है। इस साल भी फ्रंट ने कार्यालय पर गरीबों को देने के लिए ‘रमजान राशन किट’ का इंतज़ाम किया है। इन किटों में महीने भर का राशन दिया जा रहा है।

पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया का कहना है कि हम इसका इंतज़ाम दान में मिले पैसों से करते हैं। वहीं दूसरी ओर इस बार भी बरकतुल्लाह सोसायटी ने शहर के गरीबों में राशन किट वितरण किये हैं।

रमज़ान का महीना इबादत और बरकतों का होता है। इस महीने में मुस्लिम समुदाय इबादत के साथ ज़कात भी देता है। इतनी बड़ी संख्या के लिए राशन किट मुहैया कराना किसी एक पार्टी या संगठन के लिए कठिन है।

लेकिन अगर लोग इस सहयोग में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते रहे तो रमजान में उनकी मदद से कई लोग रोज़ा कर सकते हैं।