अमेरिका के वर्जीनिया में रविवार की सुबह एक मस्जिद के पास हुई मुस्लिम छात्रा की मौत रोड रेज का नतीजा थी न की हेट क्राइम। पुलिस ने आज जारी बयान में यह जानकारी दी।
इस छात्रा पर रविवार की सुबह वर्जीनिया के स्टर्लिंग में एक मस्जिद के पास हमला हुआ था। यह छात्रा तरावीह की नमाज़ पढ़कर लौट रही थी।
हालांकि पुलिस अभी तक उसकी मौत का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है लेकिन यह ज़रूर कहा कि इस मामले में एक युवक डारोल मार्टिनेज टूर (22) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने कल बताया कि मार्टिनेज उस समय अपनी कार में था, जब यह मुस्लिम छात्रा अपने दोस्तों के साथ नमाज़ पढने के बाद मैक डोनाल्ड रेस्तरां से बाहर आ रही थी और उनका झगड़ा मार्टिनेज से हुआ था।
सूत्रों ने बताया कि अब तक की जांच से पता चलता है कि इसमें जातीय हिंसा का कोई पहलू उभर कर सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों ने उस लड़की का नाम नहीं बताया है लेकिन इतना ज़रूर बताया है कि वह वर्जीनिया की रहने वाली थी।
इस दौरान अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने इस युवा छात्रा का नाम नबरा हसनैन बताया है और वह उस समय मुस्लिम ड्रेस में थी जिससे यह संदेह किया जा रहा है कि शायद इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया होगा।
पुलिस ने इस हादसे के दो घंटे बाद ही मार्टिनेज को संदिग्ध हालत में घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता का शव एक तालाब से बरामद किया गया है।
अदालत ने मार्टिनेज को जमानत नहीं मिलने तक जेल में रखने का आदेश दिया है। उसे कल एक सरकारी वकील भी प्रदान किया गया था।