अमीना मोहम्मद ने संयुक्त राष्ट्र उपमहासचिव पद की शपथ ली

संयुक्त राष्ट्र। अमीना मोहम्मद ने मंगलवार को औपचारिक रूप से संयुक्त राष्ट्र की उपमहासचिव पद की शपथ ग्रहण की। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि वह बेहद खुश हैं और उन्हें गर्व है कि अमीना ने उनके साथ कार्य करना स्वीकार कर लिया।
अमीना मोहम्मद ने कहा कि वह मुख्य रूप से महासचिव की मदद करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास पर ध्यान केंद्रित करेंगी। वह संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद में अपना पहला अभिभाषण देंगी। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 15 दिसंबर 2016 को अमीना को उपमहासचिव नियुक्त किया था।
अमीना इससे पहले नाइजीरिया की पर्यावरण मंत्री के रूप में कार्यरत थीं, इसलिए नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी ने अमीना से कुछ मौजूदा जिम्मेदारियों का निर्वाह करने का आग्रह किया। संयुक्त राष्ट्र आमसभा ने संयुक्त राष्ट्र उपमहासचिव पद का सृजन 1997 में किया था। उपमहासचिव का कार्य महासचिव की प्रशासनिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाना है। अमीना दूसरी अफ्रीकन महिला हैं जिनको संयुक्त राष्ट्र में उपमहासचिव बनाया गया है। प्रथम महिला बान की मून के कार्यकाल के दौरान तंज़ानिया की आशा रोज मिगरीओ थी।