एंजेल निवेशक महेश मूर्ति को यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया

मुंबई पुलिस ने निवेशक महेश मूर्ति को यौन शोषण के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, दिल्ली की एक महिला ने सोशल मीडिया पर उन्हें परेशान करने और उनके साथ छेड़छाड़ करने की शिकायत पिछले साल राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में की थी।

एनसीडब्ल्यू के निर्देश पर मूर्ति के खिलाफ जनवरी में मामला भी दर्ज हुआ था। मुंबई पुलिस के आधिकारिक प्रवक्ता पुलिस उपायुक्त दीपक देवराज ने बताया कि उन्हें कई आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया है, जिसमें यौन दुर्व्यवहार और यौन उत्पीड़न भी शामिल हैं। मूर्ति सीडफंड के प्रबंध निदेशक भी हैं। उन्हें पुलिस ने उनके बांद्रा पश्चिम स्थित घर से गिरफ्तार किया।

पिछले साल 25 दिसंबर को दिल्ली की महिला उद्यमी ने राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष मूर्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने कहा था कि 52 वर्षीय आरोपी ने वाट्सएप पर उन्हें अश्लील, आपत्तिजनक और अपमानजनक संदेश भेजे थे। बाद में, मूर्ति ने अपने उन संदेशों के लिए माफी मांगी, लेकिन राष्ट्रीय महिला आयोग ने दूसरी बार उसके खिलाफ इसी प्रकार के संदेश मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए ठोस रुख अपनाया।

आयोग ने उसके बाद जरूरी कार्रवाई करने के लिए शिकायत मुंबई पुलिस को भेज दी। चार दिन बाद खार पुलिस थाने में मूर्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।