नाबालिग़ बच्ची से रेप के मामले में RSS कार्यकर्ता गिरफ्तार

अरुणाचल प्रदेश के नामसई में आरएसएस के एक कार्यकर्ता को 15 साल की लड़की  से बलात्कार के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आईपीसी की धाराओं के साथ पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

वेबसाइट द डॉन लिस्ट पोस्ट ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि आरोपी नरेन्द्र कुमार सिंह की पीड़िता और उसके परिवार से जान पहचान थी। सिंह आउटिंग के बहाने पीड़िता को जोना-3 से असम के सादिया ले गया। वहां सिंह ने कार में लड़की से बलात्कार किया।

जिसके बाद लड़की घर वापस नहीं आई और पीड़िता के परिजनों ने नामसाई पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जब परिजनों ने अपने स्तर पर लड़की को खोजना शुरू किया तो उसी शाम वह सादिया में नरेन्द्र कुमार सिंह के साथ मिली।

पूछने पर पीड़िता ने अपने माता पिता को विस्तार से घटना के बारे में बताया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

बता दें कि आरोपी नरेंद्र कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है। वह जिला मुख्यालय में पिछले तीन साल से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक के रूप में काम कर रहा था।