मुंबई अंडर-19 टीम में चुने गए अर्जुन तेंदुलकर

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का मुंबई अंडर-19 टीम में चयन किया गया है। 17 साल के अर्जुन को बड़ोदा में होने वाले जेवाई लेले ऑल इंडिया अंडर-19 इंवीटेशनल वनडे टूर्नामेंट के लिए मुंबई की अंडर-19 टीम में चुना गया है।

इससे पहले अर्जुन मुंबई की अंडर-14 और अंडर-16 टीम के लिए खेल चुके हैं लेकिन यह पहला मौक़ा है जब अर्जुन को मुंबई की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। इसलिए इसे अर्जुन के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानाजा रहा है। आपको बता दें जेवाई लेले वनडे टूर्नामेंट आगामी 16 सितंबर से बड़ोदा में शुरू होगा और यह 23 सितंबर तक चलेगा।

अर्जुन एक हरफनमौला खिलाड़ी हैं जो बाएं हाथ से मध्यम तेज़ गति की गेंदबाजी करते हैं और बाएं हाथ के बल्लेबाज़ हैं। अर्जुन इससे पहले भी अपनी क्रिकेट प्रतिभा को लेकर कई बार सुर्ख़ियों में आ चुके हैं। इसी साल के जुलाई के महीने में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट से ठीक पहले अर्जुन ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों के खिलाफ नेट बॉलिंग करने आए। इस दौरान अर्जुन ने इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टॉ को बुरी तरह घायल कर दिया। अभ्यास के दौरान जॉनी बेयरस्टॉ अर्जुन की पहली ही गेंद पर चोटिल होकर नेट सेशन से बाहर चले गए। अर्जुन की पहली ही गेंद यॉर्कर थी और गेंद सीधे उनके टखने पर जा लगी। चोट लगने के बाद बेयरस्टॉ दर्द से परेशान होकर नेट से बाहर चले गए।

अर्जुन तेंदुलकर पहली बार तब सुर्ख़ियों में आए जब उन्होंने मुंबई में एक अंडर-16 मैच के दौरान शतकीय पारी खेली। उस मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी का मुज़ाहिरा पेश करते हुए अपनी बल्लेबाज़ी प्रतिभा का परिचय दिया। सुनील गावस्कर XI टीम की तरफ से खेलते हुए रोहित शर्मा XI टीम के खिलाफ अर्जुन ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन अंडर-16 पय्यादे ट्रॉफी के दौरान 106 रनों की पारी खेलकर अपने नाम का आगाज़ कर दिया था।

मुंबई अंडर-19 टीम ये है

अग्नि चोपड़ा, दिव्यांश सक्सेना, भूपेन लालवानी, अंजदीप, सागर छाबड़िया, शोएब खान, सत्यलक्ष जैन, वेदांत मुर्कर, ध्रुव ब्रिद, तनुष कोटियान, नकुल मेहता, फरहान काजी, अथर्व अंकोलेकर, अभिमन्यु वशिष्ठ, अर्जुन तेंदुलकर, सक्षम पाराशर, सक्षम झा और सिल्वेस्टर डिसूजा।