असम: पुलिस स्टेशन के अंदर महिला से पुलिस अधिकारी ने किया बलात्कार

असम के हाजो में एक पुलिस अधिकारी पर महिला से बलात्कार करने का आरोप लगा है। महिला की शिकायत के बाद आरोपी अधिकारी की गिरफ्तारी हो चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर अधिकारी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।

रिपोर्टों के मुताबिक, रामदीया पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी बिनोद कुमार दास ने पुलिस क्वार्टर के अंदर लड़की से बलात्कार किया। हाजो पीएस ने घटना के बारे में पुष्टि की और कहा कि संबंध में जांच चल रही है।

पुलिस की ओर से कहा गया, ‘महिला की शिकायत के आधार पर एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी और पीड़िता दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, उसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना पर प्रतिक्रिया करते हुए पूर्व असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने आरोपी पुलिसकर्मी के लिए गंभीर दंड की मांग की। उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी महिलाओं की रक्षा करना है, वह खुद जघन्य अपराध में शामिल था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदाजनक है।