आदिवासी लड़कियों की तस्करी और रेप करता था बाबा बामदेव राम, 10 साल कैद की सज़ा

स्वघोषित बाबा बामदेव राम को दिल्ली की एक अदालत ने 10 साल की कैद की सज़ा सुनाई है। बाबा लड़कियों को जागरूक करने के बहाने उनकी तस्करी करता था। झारखंड की करीब 8,000 लड़कियों की तस्करी में बाबा शामिल था। उसपर अपहरण और बलात्कार जैसे कई संगीन मामले चल रहे थे।

झारखंड की एक लड़की ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बाबा ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसका और उसके भाई का अपहरण किया। उन्हें विष्णु गार्डन की एक इमारत में दूसरी मंजिल पर रखा गया था। लड़की ने कहा कि इस दौरान बाबा ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया और वीडियो फिल्म भी बनाई।

पुलिस को मिली रिपोर्ट के मुताबिक, बाबा बामदेव उर्फ ​​रामजी महाराज लातेहार का मूल निवासी है। वह पिछले 10 सालों से तस्करी में शामिल में रहा है। इसके अलावा उसने आदिवासी लड़कियों को अवैध रूप से दिल्ली लाकर उनका बलात्कार किया।

पुलिस ने बताया कि बाबा ने खुद को एक पहुंचा हुआ तांत्रिक बताकर एक गैर सरकारी संगठन भी शुरू किया था।

पुलिस ने बताया कि रांची, गुमला, लातेहार, सिमेदेगा, लोहरदगा जैसे इलाकों से आदिवासी लड़कियों को काम करने के लिए लाया जाता था। बाबा को अगस्त 2014 में झारखंड के खुनी इलाके से गिरफ्तार किया गया था। बाद इसके उसे दिल्ली लाया गया।

बामदेव हर साल 25 दिसंबर को दिल्ली में एक आदिवासी सम्मेलन आयोजित करता था और जागरूकता और उत्थान के नाम पर हजारों आदिवासी लड़कियों को झारखंड से लाया जाता था।