बांग्लादेश : रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए बजट में विशेष अनुदान देगी सरकार

बांग्लादेश के वित्त मंत्री अबुल अब्दुल मुहित ने कहा कि अगले वित्त वर्ष (2018-19) में उनकी सरकार रोहिंग्या शरणार्थियों को विशेष फंड मुहैया करवाएगी।रोहिंग्या शरणार्थियों के पुनर्वास के लिए सरकार 400 करोड़ टका (बांग्लादेशी करंसी) का अनुदान देगी।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक यह फंड विशेष रूप से रोहिंग्याओं के शेल्टर बनाने के लिए आवंटित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य, सफाई और फूड सप्लाई जैसी चीजों के लिए भी अलग से फंड का आवंटन किया जाएगा।

इस प्रस्तावित बजट की घोषणा गुरुवार को संसद में की जाएगी। बांग्लादेश की एग्जिक्युटिव कमिटी ऑफ नैशनल इकॉनमिक काउंसिल ने करीब 10 लाख रोहिंग्या शरणार्थियों के पुनर्वास के लिए 2312 करोड़ टका के बजट को मंजूरी दे दी है।

गौरतलब है कि बांग्लादेश ने म्यांमार से भागे रोहिंग्या समुदाय के 700,000 लोगों को अपने यहां पनाह दी है। अपने देश म्यांमार के रखाइन प्रांत में हिंसा भड़कने के बाद रोहिंग्या वहां से भाग आए थे।