पश्चिम बंगाल निकाय चुनाव: ख़त्म हुई मोदी लहर, ममता की आंधी में उड़ी भाजपा

पश्चिम बंगाल में सात नगर पालिकाओं के लिए हुए चुनावों में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की आंधी में भाजपा समेत सभी दल उड़ते नजर आए हैं। तृणमूल ने सभी सात नगर पालिकाओं पर जबरदस्त जीत के साथ दूसरी पार्टियों का सफाया कर दिया है।

बंगाल में सात नगर पालिका निकाय चुनावों के परिणाम राज्य में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल की लगातार बढती ताकत और मजबूत होते आधार को जाहिर कर रहे हैं।

इन चुनावों में भाजपा ने काफी कोशिश की थी लेकिन उसे केवल 06 सीटें मिल पाईं। कांग्रेस कहीं भी अपना खाता भी नहीं खोल सकी तो लेफ्ट फ्रंट का सूपड़ा साफ हो गया। 148 वार्डों में हुए चुनावों में 140 पर सत्ताधारी दल को जीत मिली।

हल्दिया, कूपर्स कैंप और दुर्गापुर में सारी की सारी सीटें तृणमूल की झोली में जा गिरीं। इन सभी जगहों पर लेफ्ट फ्रंट एक जमाने में बड़ी ताकत था लेकिन अब वो कहीं नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी को मध्य प्रदेश के निकाय चुनावों के परिणामों के बाद अब बंगाल के नगर पालिका चुनाव परिणाम मायूस करने वाले हैं। मध्य प्रदेश में तो भाजपा ने 43 में 26 जगहों पर जीत हासिल की थी लेकिन वहां कांग्रेस ने कड़ी टक्कर देते हुए 14 जगहों पर अपना झंडा फहराया। अब बंगाल में जहां भाजपा को लग रहा था कि ग्रासरूट स्तर पर किया गया उसका काम काम आएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।