जेल में चंद्रशेखर पर ‘कट्टन’ से हुआ हमला, बढ़ा आक्रोश

भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने सहारनपुर के जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रशासनिक अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा और जिला कारागार में संगठन के संस्थापक चन्द्रशेखर पर जानलेवा हमला होने का आरोप लगाया।

हालांकि इस पुरे मामले के बारे में डीआईजी (जेल) वी.के. शेख़र ने इस तरह की किसी घटना के होने से इंकार किया। जेल प्रसाशन सहारनपुर के अनुसार अंदर सिर्फ़ कहासुनी हुई हैं। लेकिन जेल सूत्रों के मुताबिक़ चन्द्रशेखर पर ‘कट्टन’ (चम्मच घिसकर बनाया जाने वाला एक हथियार) से हमला हुआ था।

जेल में ही भीम आर्मी का ज़िलाध्यक्ष कमल वालिया भी बंद हैं। जब उनकी मां मिलने गई थी, जहां से यह जानकारी मिली। वहां से लौटने पर यह बात दलितों में आग की तरह फैल गई और आक्रोश पनपने लगा। इसके बाद बड़ी संख्या में दलित कलेक्ट्रेट पहुंच गए और नारेबाजी करने लगें।

पदाधिकारियों ने घटना पर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की और मांगे नहीं मानने पर आंदोलन करने की धमकी दी। पेशे से वकील चंद्रशेखर को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने 8 जून को हिमाचल प्रदेश के डलहौजी से गिरफ्तार किया था। चंद्रशेखर पर सहारनपुर हिंसा में कथित तौर पर भूमिका निभाने का आरोप है।