भोपाल के निशातपुरा एक मां ने अपने 5 साल बच्चे को गोरा करने के चक्कर में उसे पत्थर से रगड़ने का प्रयास किया। चाइल्ड हेल्प लाइन और पुलिस ने इस बच्चे को महिला के पास से छुड़ा लिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक इस महिला का नाम सुधा तिवारी है।
सुधा पेशे से सरकारी शिक्षक हैं जबकि उसके पति एक निजी अस्पताल मेंं बतौर कर्मचारी कार्यरत हैं। इस महिला के खिलाफ शिकायत उसकी अपनी ही बड़ी बहन की बेटी शोभना शर्मा ने की है। करीब डेढ़ साल पहले सुधा और उसके पति ने उत्तराखंड स्थित ‘मातृछाया’ से इस मासूम बच्चे को गोद लिया था। बच्चे का सांवला रंग इस महिला को बिल्कुल पसंद नहीं था।
करीब एक साल पहले इस महिला को किसी ने पत्थर का एक टुकड़ा दिया और इसे बच्चे के शरीर पर घिसकर उसे गोरा करने की बात कही थी। पत्थऱ से बच्चे को घिसने के दौरान उसके हाथ, पांव, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्से जख्मी हो गए।
रविवार को हुई इस घटना के बाद चाइल्ड लाइन और पुलिस ने बच्चे को हामिदिया अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के बाद बच्चे को चाइल्ड लाइन सेंटर में भेज दिया गया है। उसके शरीर पर जख्म के कई निशान थे। अब उसकी हालत स्थिर है।