बड़ी खबर: पीएम मोदी के खिलाफ़ वाराणसी से प्रियंका गांधी को उतार सकती है कांग्रेस!

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ सकती हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री मोदी को सीधे टक्कर देने की तैयारी में हैं। प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ने पर गंभीरता से विचार कर रही हैं।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, चुनाव लड़ने पर प्रियंका गांधी ने अपनी तरफ से हां कर दी है, अब राहुल गांधी को इस पर आखिरी फैसला करना है।

अगर कांग्रेस प्रियंका गांधी को वाराणसी से चुनावी मैदान में उतारती है तो यहां कांटे की टक्कर हो सकती है। साथ ही प्रियंका को काशी से उतारकर कांग्रेस पूरे पूर्वांचल को साधने की कोशिश कर सकती है।

दरअसल पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद उनके जीत के अंतर को देखते हुए पार्टी के रणनीतिकार सक्रीय हो गए हैं। उनका तर्क है कि जैसे राहुल को अमेठी में बीजेपी घेर रही है, उसी तरह मोदी को वाराणसी में घेरा जाए।

हालांकि इस बारे में अभी आखिरी फैसला नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस इस फैसले से पहले सपा-बसपा से बातचीत कर उनसे इस सीट पर समर्थन की मांग करेगी।