मुजफ्फरपुर में बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में अब स्थानीय पुलिस शेल्टर होम परिसर की खुदाई करने जा रही है। इससे पहले एक पीड़िता ने बयान दिया था कि एक लड़की को कर्मचारियों की बात नहीं मानने पर पीट-पीटकर मार डाला गया था। यही नहीं, लड़की के शव को भी शेल्टर होम के परिसर में ही दफना दिया गया।
पीड़िता के बयान के बाद पुलिस शेल्टर होम परिसर की खुदाई करने जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि शेल्टर होम से छह लड़कियां गायब हुई हैं। पुलिस पूछताछ में पीड़िताओं ने यह जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2013 से 2018 के बीच ये लड़कियां गायब हुई हैं। इन लड़कियों के गायब होने का कोई पुलिस रिकॉर्ड नहीं है।
शेल्टर होम के रिकार्ड में प्रबंधन ने इन लड़कियों को भगोड़ा बताया है। माना जा रहा है कि परिसर की खुदाई से गायब लड़कियों के बारे में कुछ सबूत हाथ लग सकते हैं।
बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को मुजफ्फरपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में शेल्टर होम की लड़कियों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जबरदस्त हमला बोला था।
तेजस्वी ने राज्य सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप पर लगाते हुए कहा कि गत मार्च महीने से इस बात की जानकारी होने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं गई और अब वहां एक लड़की को मारकर उसके शव को दफना दिए जाने की बात सामने आई है।
(साभार : नवभारत टाइम्स)