बिहार: बांध टूटने से मुजफ्फरपुर डूबा, आज फिर बारिश के आसार

बिहार में बाढ़ का प्रकोप जारी है। राज्य के 18 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ का कहर थमा भी नहीं था कि आज मौसम विभाग ने फिर से सुबे में बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। गया, भागलपुर,अररिया, कटिहार दरभंगा और भी कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। अगर आज फिर से बारिश होती है तो जिलों की स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी। इधर, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर शहर में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। रविवार का दिन गांववालों के लिए दहशत भरा रहा। उफनाई बूढ़ी गंडक का पानी रविवार को शहर के कई निचले इलाकों में घुस गया।

उधर,गोपालगंज जिले में सिधवलिया व बैकुंठपुर के नए इलाके में पानी फैल गया है। वहां सेना के जवान राहत कार्य में लग गए हैं। कोसी व सीमांचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तेज धूप व जमा पानी के सड़ने से महामारी की आशंका बढ़ गई है। मुजफ्फरपुर में बाढ़ के पानी से राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र की दीवार ढह गई।

दोपहर तक मुशहरी थाना, पीएचसी, पशु अस्पताल के अलावा कई स्कूलों में भी पानी घुस गया। इस आपदा से लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। यहां का पानी तेजी से शहर की ओर बढ़ रहा है। इससे शहर के पूर्वी क्षेत्र पर खतरा है।

गौरतलब है कि बिहार में बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिनों ये संख्या 200 के पार पहुंच गई। लाखों लोग गांव छोड़कर जा चुके हैं। सवा करोड़ से ज्यादा की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं।

गोपालगंज, अररिया और किसनगंज में पानी का स्तर थोड़ा कम हुआ है, लेकिन मुजफ्फपुर और समस्तीपुर में पानी घुसने लगा है। लोगों में दशहत है कि अगर बारिश हुई तो कई और नदियां उफान पर आ जाएंगी।