BJP के उप-मुख्यमंत्री ने की बुरहान की तारीफ़, कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

जम्मू: कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों ने जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह के इस कथित बयान के खिलाफ आज यहां प्रदर्शन किया कि हिज्बुल कमांडर बुरहानी वानी की हत्या एक दुर्घटना थी।

आतंकवादियों एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों का ‘समर्थन’ करने को लेकर सिंह और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तवी पुल की ओर कूच किया और आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया।

सभा को संबोधित करते हुए पीवाईसी अध्यक्ष प्रणव शगोत्रा ने आरोप लगाया कि सिंह ने यह कहकर दुर्दांत आतंकवादी का महिमामंडन करने का प्रयास किया कि उसकी हत्या दुर्घटना थी।

डोगरा फ्रंट और शिवसेना (एजी) ने भी जम्मू में विरोधी रैली निकाली और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से उपमुख्यमंत्री और जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री के बयानों पर स्पष्ट रूख की मांग की। दोनों ने बुरहान वानी की मौत पर कथित विवादास्पद बयान दिया था।

(भाषा)