BJP के प्रदेशाध्यक्ष ने माना कि हरियाणा में बढ़ रहा है अपराध

बीजेपी शासित हरियाणा में अपराध बढ़ रहे हैं और ये बात खुद बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने मानी है। अपराधों में बढ़ोत्तरी की बात को स्वीकारते हुए बराला ने कहाकि प्रदेश में अपराधियों को किसी भी हालत में बख़्शा नहीं जाएगा ।

सुभाष बराला ने हरियाणा विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव एक साथ करवाए जाने के बात पर कहा कि हरियाणा के चुनाव पीएम नरेंद्र मोदी की इच्छा के अनुसार होंगे।

सुभाष बराला भिवानी अनाज मंडी के जन सेवा सदन में आयोजित भाजपा के महिला प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान वो मीडिया से भी रूबरू हुए और प्रदेश के ताजा हालात व सरकार की कार्यशैली पर बात की।

बराला ने सबसे पहले लड़कियों के साथ हो रही हैवानियों के सवाल पर कहा कि इन दिनों अपराध बढ़े हैं लेकिन कुल अपराध पूर्व की सरकारों से कम हैं। क्योंकि हम पूर्व की सरकारों की तरह अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण नहीं देते।

बराला ने कहा कि सोनीपत में हुई घटना की जांच हो रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। उन्होंने मृतक लडक़ी की मां के आरोपों पर कहा कि मामले में पहले न्याय दिलाने में हो रही ढिलाई की भी जांच की जा रही है।

एक सवाल के जवाब में सुभाष बराला ने कहा कि सरकार से ना जनता नाराज है ना कार्यकर्ता। हर प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं की संख्या उम्मीद से ज्यादा बढ़ रही है। साथ ही गुरुग्राम में कैबिनेट बैठक में मंत्रियों द्वारा सीएम को खरीखोटी सुनाने की खबरों को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में अपने सभी वायदों व घोषणाओं का लेखा-जोखा जनता व विपक्ष के सामने रखेगी।