भाजपा और आरएसएस राहुल और मेरे परिवार को निशाना बना रही है: लालू प्रसाद यादव

पटना। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भाजपा और आरएसएस पर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने आगे कहा कि वह और उनका परिवार भी उनके निशाने पर है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

श्री यादव ने अपने बेटों तेजस्वी प्रसाद यादव और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को जनादेश यात्रा पर रवाना करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से देश में अघोषित तौर पर इमरजेंसी लगा दी गई है। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री गांधी के साथ ही उनके और उनके परिवार को भी टारगेट किया गया है।

राजद अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने अपने सभी विरोधियों को निशाना बना रखा है और एक एक करके सबको अपने रास्ते से हटाना चाहती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उन्होंने पलटूराम और आस्तीन का सांप बताते हुए कहा कि महागठ बंधन की सरकार में भाजपा की दाल नहीं गल रही थी।

आपको बता दें कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने स्पष्ट रूप से कहा था कि उन्होंने बिहार में महागठ बंधन की सरकार नहीं तोड़ी है बल्कि श्री कुमार ने खुद ही भाजपा से हाथ मिलाया है। श्री यादव ने आरोप लगाया कि श्री कुमार भाजपा के साथ उनके और उनके बेटे के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। श्री कुमार ने महागठ बंधन को तोड़कर खुद राजनीतिक तौर पर आत्महत्या कर ली है और खुद को खत्म कर लिया है।

लालू ने कहा कि नई सरकार में भाजपा के जितने भी मंत्री बने हैं वे सेवा करने नहीं बल्कि पैसे कमाने आए हैं। मुख्यमंत्री श्री कुमार को एक बड़ा अवसरवादी बताते हुए उन्होंने कहा कि उन पर अब कोई भी राजनीतिक दल भरोसा नहीं कर सकती।