अज्ञात हमलावरों ने झारखंड में स्थानीय भाजपा नेता की गोली मार की हत्या

झारखंड: खूंटी जिले के डरला गांव में अज्ञात हमलावरों ने बीजेपी के एक स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में इन हमलावरों में से एक को पकड़ लिया गया और स्थानीय लोगों ने पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि शनिवार रात राजेन्द्र महतो की उनके आवास पर गोली मार कर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने हमलावरों में से एक को पकड़ लिया और पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी। वहीं दो हमलावर फरार होने में सफल रहे।

सिंह के मुताबिक हत्या से कुछ देर पहले 9 लोगों ने महतो को अगवा करने का प्रयास किया लेकिन वह बच निकलने में सफल रहे और वापस घर लौट आए।

खूंटी के बीजेपी जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो ने बताया कि राजेन्द्र महतो पार्टी के डरला बूथ समुदाय के अध्यक्ष होने के साथ साथ मुरहू प्रखंड के किसान और ओबीसी प्रकोष्ठ के कोषाध्यक्ष थे।

पुलिस के मुताबिक अपराधियों की पहचान और हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है।

सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो पिस्तौल और अपराध में इस्तेमाल एक बाइक मौके से बरामद की है। घटना की जांच की जा रही है।