भाजपा मंत्री की त्रिपुरा के मुख्यमंत्री को धमकी : चुनाव के बाद भेज देंगे बांग्‍लादेश

असम के मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार को बांग्लादेश भेज देने की धमकी दी है। उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि अगर माणिक सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं के ऊपर हो रहे राजनीतिक हमलों को रोकने में नाकाम रहते हैं तो राज्य के विधानसभा चुनावों के बाद उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा।

साथ ही कहा कि क्या होगा अगर आप किसी एक को मारेंगे तो 10 अन्य लोग भारत माता के लिए हमारे साथ खड़े हो जाएंगे। हम लोग आपको हराकर बांग्लादेश भेजकर ही रहेंगे। उन्होंने यह बात कथालिया में आयोजित जनसभा में कही।

हेमंत बिस्व ने त्रिपुरा की माणिक सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 25 साल से राज्य में उनकी सरकार है और राज्य की हालत खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लेफ्ट की सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। साथ ही कहा कि अगले चुनावों में भाजपा यहां जीतेगी और सरकार बनाएगी। यहां माणिक सरकार 1998 से त्रिपुरा के मुख्यमंत्री हैं।