भाजपा नेता से 25 लाख की धोखाधड़ी, मामला दर्ज

गुड़गांव: भाजपा के एक राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य के साथ 25 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यह रकम हरियाणा में सीड्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन बनवाने को लेकर बतौर टोकन मनी ली गई।

खबरों के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को एक केंद्रीय मंत्री का भाई और निजी सचिव बताया था। लेकिन जब करीब 6 महीने तक कोई रिस्पॉन्स न आया तो इसकी शिकायत पुलिस में की गई। इसके बाद पुलिस ने बदोनों को नामजद केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस में दर्ज किए गए बयानों के अनुसार, कीर्ति नगर के रहने वाले भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुनील राव की 6 महीने पहले दिल्ली में अक्षयबीर और ओमप्रकाश से मुलाकात हुई थी। अक्षयबीर ने खुद को एक केंद्रीय मंत्री का निजी सचिव बताया जबकि ओमप्रकाश को मंत्री का भाई। इसके बाद आरोपियों ने सुनील को हरियाणा में सीड्स कॉरपोरेशन का चेयरमैन बनवाने का झांसा दिया।

इसके बाद आरोपियों ने सुनील राव को नई दिल्ली के गुजरात भवन में किसी से मिलवाया, जिसे उन्होंने मंत्री बताया था। इस दौरान 5 करोड़ में चेयरमैन पद देने की बात तय हुई। इसके बाद उन्होंने दोनों को 25 लाख रुपये दे दिए।

घटना के 6 महीने तक दोनों पक्षों में फोन और वट्सऐप पर बात होती रही लेकिन आरोपियों ने उसके बाद फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद ठगी का अहसास होने पर भाजपा नेता ने इसकी शिकायत पुलिस में की। सिविल लाइन थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।