योगी के विधायक ने भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ खोला मोर्चा, लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

बलिया ज़िले के बैरिया क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह शनिवार को अपनी ही सरकार के अधिकारियों पर लालफीताशाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आए।

सुरेंद्र सिंह ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ भी टिप्पणी करने से परहेज नहीं किया।

दरअसल सुरेन्द्र सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में हर साल आने वाली बाढ़ को रोकने के लिए बजट आवंटित होने के बावजूद काम न शुरू होने से नाराज़ थे।

इसलिए उन्होंने विरोध में बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ दूबेछपरा से टेंगरही तक करीब 7 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।

इस मौके पर विधायक सिंह ने प्रदेश की बीजेपी सरकार और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र की डेढ़ लाख आबादी हर साल गंगा और घाघरा नदी की बाढ़ से परेशान होती है।

प्रदेश शासन ने बाढ़ से बचाव के लिए 29 करोड़ रुपये की कार्य योजना स्वीकृत किए हैं, लेकिन लूट खसोट की मानसिकता के चलते अधिकारी काम शुरू नहीं कर रहे हैं।

सिंह ने बताया कि वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर सिंचाई मंत्री, विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों से कई बार मिल चुके हैं, लेकिन इसका कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला है।

मुख्यमंत्री योगी ने भी इस मामले में अपेक्षित कदम नहीं उठाया। उन्होंने आगाह किया कि अगर एक सप्ताह में कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह 24 मई को भूख हड़ताल शुरू करेंगे।