भाजपा के पूर्व सांसद नाना पटोले ने थामा कांग्रेस का हाथ

मुंबई। महाराष्ट्र से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद नाना पटोले कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी में उनका स्वागत किया है। इस मौके पर राहुल और पटोले के अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, संजय निरुपम और मोहन प्रकाश भी मौजूद थे।

पटोले ने 4 जनवरी को कहा था कि वे जल्द ही औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ सांसद पद से भी इस्तीफा दे दिया था। उसी समय कयास लगाए जा रहे थे कि वह भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं।

महाराष्ट्र की भंडारा-गोंडिया लोकसभा सीट के पूर्व सांसद पटोले ने पिछले साल अगस्त में महाराष्ट्र सरकार द्वारा लाई गई किसान कर्जमाफी स्कीम को लागू करने के तरीके की आलोचना की थी।

पटोले न सिर्फ कर्ज माफी को लागू किए जाने के तरीके को लेकर नाराज थे, बल्कि उन्होंने सरकार पर किसानों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप भी लगाया था।

पटोले ने 2014 के आम चुनावों में भंडारा-गोंडिया लोकसभा सीट से लड़ते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल को लगभग डेढ़ लाख वोटों के अंतर से मात दी थी। उस चुनाव में पटोले ने अपने संसदीय क्षेत्र में पड़े कुल वोटों में से आधे से भी ज्यादा पर कब्जा किया था।