मोदी सरकार गरीब किसानों को भूलकर सिर्फ़ अमीरों का कर्ज़ माफ़ कर रही है: वरुण गाँधी

इलाहाबाद: भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा है कि सरकार ने सिर्फ अमीरों के ही कर्ज माफ कर रही है। उसे गरीबों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने ये बात बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में बार एसोसिएशन की तरफ से आयोजित एक संगोष्ठी में कही।

वरुण गांधी ने कहा, “जब हम अन्याय की बात करते है तो तमिलनाडु के उन किसानों को कैसे भूल सकते हैं, जो जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे है।”

उन्होंने किसानों की दशा पर चिंता जताते कहा कि साल 2001 से अब तक की सरकारों ने लगभग 2,96000 करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए हैं, जिसमें से अकेले 2,20000 करोड़ रुपये सिर्फ व्यापारिक घरानों के कर्ज हैं। क्या यही न्याय है।

वरुण गांधी ने कहा, “देश में 70 लाख बाल श्रमिक है। हम न्याय की बात कैसे कर सकते हैं, जब देश की एक तिहाई आबादी गरीबी रेखा से नीचे है। देश की एक फीसदी आबादी का 61 प्रतिशत संसाधनों पर कब्जा है। जबकि 90 फीसद लोगों के हिस्से में 14 प्रतिशत संसाधन आते हैं।”

संगोष्ठी के दौरान उन्होंने वादा कि वह इलाहाबाद में गरीबों के लिए 100 आवास बनवाएंगे।

सामाजिक असमानता और महिलाओं के प्रति हो रहे अपराधों में देरी से मिलने वाले न्याय पर वरुण कहा कि वकीलों का जीवन एक तपस्या है। वकील स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर अब तक समाज की बेहतरी के लिए संघर्ष करते आ रहे है।

वहीं दूसरी तरफ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल तिवारी ने कहा कि मोतीलाल नेहरू और जवाहर लाल नेहरू के बाद वरुण गांधी इस परिवार के तीसरे सदस्य हैं, जो इलाहाबाद हाईकोर्ट आए हैं।

मोतीलाल नेहरू और जवाहर लाल नेहरू की वह कुर्सिंयां बार ने सुरक्षित रखी हैं, जिन पर वे लोग बैठा करते थे। इस दौरान  बार एसोसिएशन ने 50 साल से वकालत कर रहे 26 अधिवक्ताओं को सम्मानित भी किया है।