UP: भाजपा के मुस्लिम नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत नाज़ुक

बरेली में भाजपा के अल्पसंख्यक विंग के उपाध्यक्ष रईस अहमद को गुरुवार शाम अज्ञात लोगों ने गोली मार दी।

पुलिस ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रईस को लगभग 7 बजे गोली मारी गई, जब वह अपने मोटरसाइकल से घर लौट रहे थे। हमले में घायल भाजपा नेता को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है।

पुलिस निदेशक (ग्रामीण) ख्याती गर्ग ने कहा कि हम अभी तक हमलावरों या इसके पीछे के संभावित मकसद के बारे में जान नहीं पाए हैं।

बरेली के बीजेपी विधायक (शहर) अरुण कुमार ने इस हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हम मांग करेंगे जिला प्रशासन इस मामले की जांच करे और हमलावरों को गिरफ्तार करे।

हमले के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) ने सत्ताधारी भाजपा की आलोचना की। सपा के जिला अध्यक्ष सुभलेश यादव ने कहा कि रईस अहमद पर हमले ने साबित किया है कि उत्तर प्रदेश में हिंसा को रोकने के लिए पूरी तरह से भाजपा विफल रही है।