रोहिंग्या मुसलमानों को ले जा रही नाव समंदर में पलटी, 19 की मौत

कॉक्स बाजार। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने म्यांमार के नेताओं से सैन्य अभियान की वजह से भागे रोहिंग्या शरणार्थियों की पीड़ा को खत्म करने का आग्रह किया है। वहीं, रोहिंग्या समुदाय के लोगों को ले जा रही एक नौका बांग्लादेश की समुद्री सीमा में पलट गई। इस घटना में कम से कम 19 लोग डूब गए और कई के मरने की आशंका है।

रोहिंग्या शरणार्थी संकट बढ़ने के कारण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद म्यांमार पर खास सार्वजनिक बैठक करेगी। अमेरिका ने जातीय अल्पसंख्यकों के सफाए के लिए देश की आलोचना की जबकि बीजिंग और मॉस्को ने म्यांमार प्रशासन का समर्थन किया।

बौद्ध बहुल म्यांमार की सेना द्वारा रोहिंग्या विद्रोहियों के खिलाफ कठोर अभियान चलाने के बाद पिछले महीने 5 लाख से ज्यादा रोहिंग्या मुसलमान बांग्लादेश भाग गए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और हादसे में बचे हुए लोगों ने बताया कि नाव शुक्रवार को अशांत समुद्र में तट से कुछ ही मीटर दूर थी लेकिन मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के चलते यह पलट गई।

एक स्थानीय दुकानदार मोहम्मद सुहैल ने बताया कि वे हमारी आंखों के सामने डूबे। मिनटों के बाद ही लहरें शवों को तट पर ले आईं।