चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामला: केंद्र के दबाव में पुलिस ने अपना बयान बदल दिया: कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने आज आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार के इशारे पर चंडीगढ़ पुलिस अपना बयान बदल कर भाजपा नेता के बेटे को एक महिला के अपहरण के मामले में बचा रही है। कांग्रेस के मीडिया सेल के प्रमुख रणदीप सिंह सरजे वाला ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि चंडीगढ़ पुलिस और चंडीगढ़ प्रशासन केंद्र सरकार प्रशासित है, और केंद्र के इशारे पर ही भाजपा अध्यक्ष के बेटे पर महिला के अपहरण के मामले को बदल दिया गया है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट को दिए गए बयान में भाजपा अध्यक्ष के बेटे और उसके साथी ने रात को लगभग सात किलोमीटर तक उस लड़की का पीछा किया और उसका अपहरण करने की कोशिश की।

बयान देने के बाद चंडीगढ़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह अपहरण का मामला है और उन युवाओं को इसमें 10 साल कैद की सजा हो सकती है। शाम के समय पुलिस ने केंद्र सरकार के दबाव में अपना बयान बदल दिया।

हैरानी की बात यह है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज को भी गायब बता रही है। श्री सरजे वाला ने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ पुलिस के ही अधिकारी ने दिन में दिया अपना बयान शाम को बदल दिया और कहा कि यह अपहरण का मामला नहीं है। इससे स्पष्ट है कि पुलिस को केंद्र सरकार से बयान बदलने के आदेश मिले थे और युवाओं के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया गया।