चीन का नया खेल : मुसलमानों से नास्तिक होने के शपथपत्र पर लिए जा रहे हैं हस्ताक्षर

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा मुस्लिम नेताओं को नास्तिक बनाया जा रहा है। पार्टी के मुस्लिम नेताओं से नास्तिक होने के शपथपत्र पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं जिसमें कहा गया है कि वह अपनी धार्मिक मान्यताओं को छोड़ चुके हैं। ‘मार्क्स की विचारधारा के प्रति अपनी निष्ठा और शुद्धता’ जाहिर करने के लिए पार्टी ने यह अभियान चलाया है।

यह अभियान मुस्लिम बहुल गानसू प्रांत के लिनशिया क्षेत्र में किया गया। पार्टी की तरफ से देश भर में इस वक्त ऐसे कई अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य जनता को धार्मिक झुकाव से दूर रखना है। चीन के संविधान में नास्तिकता को प्रमुखता दी गई है और कम्युनिस्ट पार्टी इसकी रक्षा के लिए विशेष प्रयास कर रही है।

पार्टी चीन में ईसाई धर्म के बढ़ते प्रभाव और कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा धार्मिक कार्यों को करने को लेकर भी चिंतित है। पार्टी जनरल में धार्मिक मामलों के राज्य प्रशासक वांग जुआंग ने कुछ दिन पहले की एक लेख में लिखा था, ‘पार्टी सदस्यों को धार्मिक विश्वासों से दूर रहना है। यह पार्टी की लक्ष्मण रेखा है जिसका उल्लंघन नहीं किया जा सकता।’

पिछले कुछ समय में चीन के जिन क्षेत्रों मे धर्म का प्रभुत्व बढ़ रहा है, वहां ऐसे कई अभियान चलाए गए हैं। हेनन प्रांत के जिआओजू में यह अभियान चलाया गया। साउथ वेस्ट चीन के लिनशिया प्रांत में जहां तिब्बती समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं, वहां भी यह अभियान चलाया जा चुका। लिनशिया में हुए कार्यक्रम में पार्टी चीफ यांग युआंगहॉन्ग ने सभी पार्टी सदस्यों को संविधान का पालन करने का निर्देश दिया।