चीन ने कहा- G-20 शिखर सम्मेलन में मोदी से नहीं मिलेंगे शी जिनपिंग

चीन ने गुरुवार को कहा कि जर्मनी के हैम्बर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच वार्ता के लिए उपयुक्त वातावरण नहीं है। इसलिए शी जिनपिंग मोदी से नहीं मिलेंगे। पहले खबरें आ रही थीं कि गतिरोध को समाप्त करने के लिए दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच हैम्बर्ग में बैठक हो सकती है। गौरतलब है कि दोनों देशों की सेना के बीच सिक्किम में गतिरोध चल रहा है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

हैम्बर्ग में आज से शुरू हो रहे जी -20 शिखर सम्मेलन से पहले चीनी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि ” राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता के लिए माहौल सही नहीं है।

आपको बता दें कि पीएलए की ओर से सड़क बनाने की कोशिश के बाद चीन और भारत के बीच पिछले 19 दिनों से भूटान-चीन-भारत सीमा पर डोकलाम क्षेत्र में गतिरोध है। इस क्षेत्र का भारतीय नाम डोकला है, जबिक भूटान उसे डोक्लाम और चीन इसे डोगलाग कहता है।

उल्लेखनीय है कि चीन वहां तक सड़क बनाना चाहता है, जबकि भारत इसका विरोध कर रहा है। पिछले दिनों भारत ने चीनी सैनिकों के सड़क निर्माण का विरोध किया था। तब चीनी सैनिकों ने भारत के दो बंकर नष्ट कर दिए थे। इस समय भारतीय जवानों ने मानव दीवार बनकर चीनी मंसूबों पर पानी फेर दिया था।