CM ने PM को नरसिंह प्रकरण की CBI जांच के लिए लिखा पत्र
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अन्तर्राष्ट्रीय पहलवान नरसिंह पंचम यादव प्रकरण की सीबीआई जांच कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि षड्यंत्र रच कर नरसिंह को ओलम्पिक में खेलने से वंचित रखा गया।
यूपी के सीएम ने नरसिंह पंचम यादव के बारे में लिखा है कि वह अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के पहलवान हैं। पिछले साल लास वेगास, संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। खेल में उपलब्धियों के आधार पर उत्तर प्रदेश सरकार भी उन्हें यश भारती सम्मान से अलंकृत कर चुकी है। रियो डि जेनेरो, ब्राजील में सम्पन्न ओलम्पिक में कुश्ती प्रतियोगिता के लिए उन्हें भारतीय दल में सम्मिलित किया गया था। किन्तु षड़यंत्र रचकर उन्हें इस विश्वस्तरीय खेल आयोजन में देश का प्रतिनिधित्व करने से वंचित कर दिया गया। इससे नरसिंह पंचम यादव आहत हुए ही। इस घटना से देश के खेल क्षेत्र को भी अपूरणीय व्यावसायिक एवं मनोवैज्ञानिक क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में इसके पीछे ईष्र्यालु तत्वों का हाथ होने की ओर इशारा किया है। कहा कि सीबीआई जांच से सच्चाई का पता चल जाएगा।
यूपी से मलिक असग़र हाशमी